चीन के विदेशी व्यापार में जनवरी-फरवरी में 18.3 फीसदी की वृद्धि

(CRI)09:46:43 2026-03-11

चीन के सीमा शुल्क के सामान्य प्रशासन ने मंगलवार को विदेशी व्यापार के आंकड़े जारी किए। इस वर्ष के पहले दो महीनों में, चीन के माल व्यापार के आयात और निर्यात में साल-दर-साल 18.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो एक मजबूत शुरुआत का संकेत है।

2026 के पहले दो महीनों में, चीन के माल व्यापार का कुल आयात-निर्यात मूल्य 77 खरब 30 अरब युआन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 18.3 फीसदी अधिक है।

निर्यात के मामले में, नए विकास इंजन लगातार मजबूत हुए हैं और बाजार विविधीकरण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पहले दो महीनों में निर्यात 46 खरब 20 अरब युआन रहा, जो 19.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

आयात के मामले में, वसंतोत्सव की छुट्टियों के दौरान मजबूत खपत ने आयात मांग जारी रखी। पहले दो महीनों में आयात 31 खरब 10 अरब युआन रहा, जो 17.1 प्रतिशत की वृद्धि है।

व्यापार भागीदारों के संदर्भ में, पहले दो महीनों में चीन-आसियान व्यापार 20.3 प्रतिशत बढ़कर 12 खरब 40 अरब युआन हो गया। चीन-यूरोपीय संघ व्यापार 19.9 फीसदी बढ़कर 9 खरब 98 अरब 94 करोड़ युआन हो गया। वहीं, चीन-अमेरिका व्यापार 16.9 प्रतिशत घटकर 6 खरब 9 अरब 71 करोड़ युआन रह गया।

इसी अवधि के दौरान, बेल्ट एंड रोड पहल में भाग लेने वाले देशों के साथ चीन का कुल व्यापार 20 फीसदी बढ़कर 40 खरब 20 अरब युआन हो गया।

उधर, व्यापारिक संस्थाओं के संदर्भ में, पहले दो महीनों में निजी उद्यमों का आयात-निर्यात 22.8 प्रतिशत बढ़कर 45 खरब 10 अरब युआन हो गया। विदेशी निवेशित उद्यमों का व्यापार 15.3 प्रतिशत बढ़कर 22 खरब युआन हो गया, जबकि राज्य के स्वामित्व वाले उद्यमों का व्यापार 7.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 10 खरब युआन पहुंचा।