10 हजार से अधिक चीनी पर्यटक मध्य पूर्व से सुरक्षित लौटे

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने 10 मार्च को पेइचिंग में एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने 10 मार्च को पेइचिंग में एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की। इस दौरान, उन्होंने मध्य-पूर्व क्षेत्र में फंसे हुए चीनी पर्यटकों के स्वदेश लौटने के बारे में जानकारी दी।
प्रवक्ता के अनुसार, सभी पक्षों के संयुक्त प्रयास से संयुक्त अरब अमीरात, ओमान और सऊदी अरब जैसे देशों से 10,000 से अधिक चीनी पर्यटक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से वापस लौट आए हैं। उन्होंने चीनी नागरिकों को ईरान के आसपास सैन्य संघर्ष से प्रभावित देशों और क्षेत्रों की यात्रा न करने को याद दिलाया और कहा कि संबंधित देशों में स्थित चीनी दूतावास और वाणिज्य दूतावास उन देशों में जरूरतमंद चीनी नागरिकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इसके अलावा, प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर चीन के नीतिगत रुख के बारे में पत्रकार के सवाल के जवाब में, क्वो च्याखुन ने कहा कि चीन मध्य पूर्व में मौजूदा तनाव को लेकर बेहद चिंतित है। हाल ही में, चीन मध्यस्थता के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है, और विदेश मंत्री वांग यी ने क्षेत्रीय स्थिति पर गहन विचार-विमर्श करने के लिए कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ अलग-अलग फोन पर बातचीत की है।
प्रवक्ता के अनुसार, मध्य पूर्व मामलों के लिए चीन के विशेष दूत चाई चुन इस समय मध्य पूर्व के दौरे पर हैं। क्वो च्याखुन ने कहा कि युद्ध और संघर्ष किसी भी पक्ष के हित में नहीं है। चीन संघर्ष में शामिल पक्षों सहित सभी संबंधित पक्षों के साथ संचार बनाए रखेगा, मध्यस्थता को मजबूत करेगा, और आम सहमति बनाएगा, ताकि स्थिति को शांत करने और तनाव कम करने को बढ़ावा दिया जा सके।