लघु नाट्य श्रृंखला से किसानों के उत्पादों को बड़ा डिजिटल दर्शक मिलना शुरू

शानदोंग प्रान्त के क़िंगदाओ शहर के वेस्ट कोस्ट न्यू एरिया स्थित ज़ुहाई स्ट्रीट के नॉर्थ लियांगजियाज़ुआंग गाँव में सड़क किनारे दो पुराने मकान विशेष रूप से ध्यान खींच रहे हैं। लकड़ी के दरवाजों की रंगत कुछ उखड़ी हुई है और दीवारें नीले पत्थर और पीली मिट्टी से बनी हैं। यही वह स्थान है जहाँ “फूल पत्थर पर खिलता है” और “तूफ़ान में गर्मजोशी” जैसी लघु नाट्य श्रृंखलाएँ शूट की जा रही हैं।

आँगन में, निर्देशक डिंग झाओतिंग मोबाइल उठाकर आधा झुककर निर्देश देते हैं: “आंटी, थोड़ा मुस्कुराइए, जैसे आमतौर पर पड़ोसियों से मिलते समय मुस्कुराती हैं!” कैमरे के सामने कलाकार साधारण पुराने कपड़े पहने हैं और हाथों में चमकदार फनटिआओ (एक पारंपरिक चीनी नूडल, जो मकई, आलू या कसावा स्टार्च से बनाई जाती है) हैं, जो आँगन में कदम रखने के लिए तैयार हैं।

“पूरा जीवन खेती करने के बाद, सोच भी नहीं था कि बुढ़ापे में भी मैं लघु नाट्य श्रृंखला की अभिनेत्री बनूंगी।” भूमिका निभा रही ग्रामीण झाओ मेइक्सिया मुस्कुराते हुए कहती हैं। “शुरुआत में थोड़ी घबराहट थी, डर था कि हमारी स्थानीय बोली दूसरों को समझ में न आए।”

“अभिनेताओं के हाथों में फनटिआओ और दीवारों पर लटकते मक्के, नॉर्थ लियांगजियाज़ुआंग गाँव के विशिष्ट कृषि उत्पाद हैं।” डिंग झाओतिंग बताते हैं कि लघु नाट्य श्रृंखला में ये स्थानीय उत्पाद कहानी के साथ जोड़ दिए गए हैं, जिससे दर्शकों में खरीदने की उत्सुकता बढ़ गई।

वेस्ट कोस्ट न्यू एरिया के दाछुन टाउन के निवासी डिंग झाओतिंग के पास समृद्ध सोशल मीडिया अनुभव है। 2025 में उन्होंने लघु नाट्य श्रृंखला के बढ़ते ट्रेंड को देखकर अपने गृहक्षेत्र का प्रचार कैमरे के माध्यम से करने का विचार किया। संयोग से, उस समय नॉर्थ लियांगजियाज़ुआंग गाँव के पार्टी शाखा सचिव झांग वेई भी इंटरनेट के माध्यम से कृषि उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का सोच रहे थे। वे बताते हैं, “पिछले साल की गर्मियों में, हमारी सोच बिल्कुल मेल खा गई।” शूटिंग के लिए गाँव द्वारा मुफ्त जगह उपलब्ध कराई, स्ट्रीट प्रशासन ने प्राचीन सामान जुटाया और कलाकारों को स्थानीय निवासियों में से चुना गया।

अभिनय का कोई पूर्व अनुभव न रखने वाले अधिकांश ग्रामीणों के लिए समय की कमी एक चुनौती थी, इसलिए उन्हें शूटिंग के दौरान ही सीखना पड़ता था। शूटिंग के बीच-बीच में वे एकत्र होकर संवाद और कहानी पर चर्चा करते, केवल यह सुनिश्चित करने के लिए कि गाँव का जीवन कैमरे के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत हो। सितंबर 2025 में “फूल पत्थर पर खिलता है” की रिलीज़ हुई और एक महीने से भी कम समय में इसे 27 करोड़ बार देखा गया।

लघु नाट्य श्रृंखला से आने वाला डिजिटल ट्रैफ़िक ग्रामीणों की वास्तविक आय में तब्दील हो गया। पिछले साल सितंबर से दिसंबर तक गाँव की आय में लगभग 5 लाख युआन की वृद्धि हुई। झांग वेई ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि “हमने फनटिआओ प्रसंस्करण कारखाना भी स्थापित किया है और अब तक 50 हजार युआन के आदेश मिल चुके हैं।”

वर्तमान में, लघु नाट्य श्रृंखला आधारित कृषक-सहायता मॉडल नॉर्थ लियांगजियाज़ुआंग गाँव से वेस्ट कोस्ट न्यू एरिया के और अधिक गाँवों में फैल रहा है। वेस्ट कोस्ट न्यू एरिया फिल्म उद्योग विकास केंद्र की निदेशक झाओ फांग बताती हैं कि नए क्षेत्र में संबंधित नीतियाँ लागू की गई हैं, ताकि लघु नाट्य श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र उत्थान हो, कृषि उत्पादों की बिक्री और विपणन जुड़े, और ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।