ईरान पर अमेरिका और इज़रायल का सैन्य हमला अंतरराष्ट्रीय क़ानून के विरुद्ध: चीनी विदेश मंत्रालय

(CRI)09:37:18 2026-03-03

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 2 मार्च को आयोजित नियमित प्रेस वार्ता में कहा कि अमेरिका और इज़रायल ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंज़ूरी के बिना ईरान पर सैन्य हमला किया है, जो अंतरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि चीन इस बात को लेकर अत्यंत चिंतित है कि यह संघर्ष पड़ोसी देशों तक फैल सकता है और व्यापक क्षेत्रीय अस्थिरता का कारण बन सकता है।

माओ निंग ने स्पष्ट किया कि चीन के दृष्टिकोण में खाड़ी क्षेत्र के सभी देशों की प्रभुसत्ता, सुरक्षा और प्रादेशिक अखंडता का पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित पक्षों से तत्काल सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की, ताकि संघर्ष और अधिक न फैले तथा स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि चीन खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की विशेष बैठक की सराहना करता है, जिसमें यह बल दिया गया कि वर्तमान संकट का समाधान केवल वार्तालाप और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है। उनके अनुसार, यही मार्ग क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने का एकमात्र व्यावहारिक और प्रभावी रास्ता है।

माओ निंग ने कहा कि मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति जटिल और संवेदनशील बनी हुई है। चीन क्षेत्रीय देशों द्वारा आपसी संपर्क और समन्वय को मज़बूत करने के प्रयासों का समर्थन करता है तथा आशा करता है कि सभी पक्ष मिलकर क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठाएँगे।