शी चिनफिंग ने वसंतोत्सव पूर्व सभा को संबोधित किया

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति और राज्य परिषद ने शनिवार सुबह को राजधानी पेइचिंग स्थित जन वृहद भवन में 2026 का वसंतोत्सव पूर्व समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने केंद्रीय समिति और राज्य परिषद की ओर से देशभर के विभिन्न जातीय समूहों, हांगकांग और मकाओ विशेष प्रशासनिक क्षेत्रों के हमवतनों, थाईवान के हमवतनों और विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति शी ने अपने संबोधन में कहा कि बीता सर्प वर्ष अत्यंत असाधारण रहा। अंतर्राष्ट्रीय एवं घरेलू स्थितियों की जटिलताओं के बावजूद, चीन ने चुनौतियों का सामना करते हुए पार्टी और राज्य के कार्यों में नई प्रगति हासिल की। वर्ष के प्रमुख आर्थिक एवं सामाजिक विकास लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरे हुए और 14वीं पंचवर्षीय योजना (2021-2025) का सफल समापन हुआ। चीन की आर्थिक शक्ति, वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमता, रक्षा क्षमता और समग्र राष्ट्रीय शक्ति नई ऊंचाइयों पर पहुंची, जिससे चीनी शैली के आधुनिकीकरण को ठोस बढ़ावा मिला।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चीन ने अधिक सक्रिय व्यापक आर्थिक नीतियां लागू कीं, गहन सुधारों को आगे बढ़ाया और आधुनिक औद्योगिक प्रणाली के निर्माण में प्रगति की। समाजवादी लोकतंत्र एवं कानूनी प्रणाली, सांस्कृतिक विकास, पारिस्थितिक सभ्यता, रक्षा एवं सेना आधुनिकीकरण के क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुईं। जनजीवन सुधारने और सामाजिक स्थिरता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
राष्ट्रपति शी ने आगे कहा कि पिछले वर्ष चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं केंद्रीय कमेटी के चौथे पूर्णाधिवेशन का सफल आयोजन हुआ, जिसमें 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) का खाका तैयार किया गया। चीनी जनता के जापानी आक्रमण विरोधी युद्ध और विश्व फासीवाद-विरोधी युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ भव्य रूप से मनाई गई। थाईवान की मुक्ति स्मृति दिवस की स्थापना की गई। शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश की स्थापना की 60वीं और शिनच्यांग उइगुर स्वायत्त प्रदेश की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाई गई। क्वांगतोंग, हांगकांग और मकाओ में संयुक्त रूप से 15वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया।

उन्होंने वैश्विक शासन में चीन की सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चीन ने वैश्विक शासन पहल प्रस्तुत की, थ्येनचिन में एससीओ शिखर सम्मेलन और वैश्विक महिला सम्मेलन का सफल आयोजन किया, और मानव जाति के साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण को सक्रिय रूप से बढ़ावा दिया।
राष्ट्रपति शी ने जोर देकर कहा कि वर्ष 2026 चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ और 15वीं पंचवर्षीय योजना का प्रथम वर्ष होगा। उन्होंने नई विकास अवधारणा के पूर्ण कार्यान्वयन, उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने और सामाजिक स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया।
शी ने यह भी कहा कि चीनी संस्कृति में घोड़ा सशक्तता और आत्म-सुधार का प्रतीक है। आगामी अश्व वर्ष में, देशभर के विभिन्न जातीय समूहों को केंद्रीय समिति के चारों ओर और अधिक एकजुट होना चाहिए, विजय में विश्वास बनाए रखना चाहिए, और चीनी शैली के आधुनिकीकरण की नई यात्रा पर साहसपूर्वक आगे बढ़ना चाहिए।
समारोह में कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।