संयुक्त राष्ट्र को केंद्र में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का दृढ़तापूर्वक समर्थन करें: चीनी विदेश मंत्रालय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र का अस्तित्व बना रहना चाहिए, लेकिन उसकी जगह एक "शांति आयोग" ले सकता है, चीन ने अपने रुख को स्पष्ट रूप से सामने रखा है। 21 जनवरी को चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस विषय पर पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता कुओ च्याखुन ने कहा कि चीन हमेशा से वास्तविक बहुपक्षवाद का समर्थक रहा है।
कुओ च्याखुन ने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में चाहे जैसे भी बदलाव क्यों न हों, चीन संयुक्त राष्ट्र को केंद्र में रखकर बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का दृढ़ समर्थन करता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन अंतरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित वैश्विक व्यवस्था, "संयुक्त राष्ट्र चार्टर" के उद्देश्यों और सिद्धांतों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों को बनाए रखने के पक्ष में है।
"शांति आयोग" के प्रस्ताव के संबंध में चीनी प्रवक्ता कुओ च्याखुन ने यह भी जानकारी दी कि चीन को इस विषय पर संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से निमंत्रण प्राप्त हुआ है।