शी चिनफिंग ने नई पंचवर्षीय योजना की अच्छी शुरुआत सुनिश्चित करने पर जोर दिया

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मंगलवार को "15वीं पंचवर्षीय योजना" (2026-2030) की सफल शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए ठोस प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने ये बातें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की केंद्रीय समिति के पार्टी स्कूल (राष्ट्रीय शासन अकादमी) में प्रांतीय और मंत्री स्तरीय प्रमुख अधिकारियों के लिए आयोजित अध्ययन सत्र के उद्घाटन के अवसर पर कहीं।
शी चिनफिंग ने पंचवर्षीय योजना बनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंचवर्षीय योजनाओं का निर्माण और कार्यान्वयन देश के शासन में सीपीसी का एक महत्वपूर्ण अनुभव है। साथ ही, चीनी विशेषताओं वाली समाजवादी व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक लाभ है, और यह पार्टी के नेतृत्व को साकार करने, प्रमुख कार्यों को पूरा करने के लिए संसाधनों को केंद्रित करने, रणनीतिक मुद्दों को सक्रिय रूप से समझने तथा हमारे उद्देश्य की निरंतरता बनाए रखने के लिए अनुकूल है।

उन्होंने पंचवर्षीय योजना बनाने में पार्टी के समृद्ध अनुभव बताते हुए कहा कि इसमें सीपीसी केंद्रीय समिति के केंद्रीकृत और एकीकृत नेतृत्व को कायम रखना, वास्तविकता से आगे बढ़ने के सिद्धांत का पालन करना, एक एकीकृत राष्ट्रीय दृष्टिकोण बनाए रखना, लोकतंत्र को बढ़ावा देना, ज्ञान का आदान-प्रदान करना, और योजना बनाने में वैधता के सिद्धांत को कायम रखना आदि शामिल हैं। उन्होंने व्यवस्था में दृढ़ विश्वास बनाए रखते हुए नई वास्तविकताओं के अनुरूप इस लाभ को लगातार बढ़ाने का आह्वान किया।
शी चिनफिंग ने यह अनुरोध किया कि सीपीसी की 20वीं केंद्रीय समिति के चौथे पूर्ण सत्र में "15वीं पंचवर्षीय योजना" अवधि के दौरान आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए रणनीतिक योजनाएं बनाई गईं, जिन्हें पूरी तरह, गहराई से और सटीक रूप से समझा और आत्मसात किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चीन का विकास एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जहां रणनीतिक अवसर, जोखिम और चुनौतियां एक साथ मौजूद हैं, और अनिश्चितताएं और अप्रत्याशित कारक बढ़ रहे हैं। हमें सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्थिति में नए बदलाव, तकनीकी क्रांति के नए दौर और औद्योगिक परिवर्तन जैसे कुछ प्रमुख कारकों को समझने में कुशल होना चाहिए, एक व्यापक दृष्टिकोण व दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य रखते हुए रणनीतिक ध्यान बनाए रखना चाहिए, अपनी रणनीति की सावधानीपूर्वक योजना बनानी चाहिए और अपने देश के विकास की निश्चितता और स्थिरता को लगातार बढ़ाना आवश्यक है।

इसके अलावा, शी चिनफिंग ने आधुनिक औद्योगिक प्रणाली का निर्माण करने और औद्योगिक प्रणाली में समग्र रूप से एक बड़ी छलांग लगाने पर बल दिया और कहा कि ये "15वीं पंचवर्षीय योजना" अवधि के दौरान महत्वपूर्ण रणनीतिक कार्य हैं। उन्होंने देश में विशाल जनसंख्या, बड़ा बाजार, संपूर्ण उद्योग और विकास की प्रबल गति के मद्देनजर नए विकास मॉडल के निर्माण में तेजी लाने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाने पर प्रकाश डाला, और कहा कि सामाजिक विकास को बढ़ावा देने में लोगों के जीवन स्तर में सुधार एक प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए और अर्थव्यवस्था के विकास के साथ-साथ जन-जीवन की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाना जरूरी है। साथ ही, पार्टी के नेतृत्व का पालन करते हुए कानून के शासन को मजबूत करना चाहिए, जमीनी स्तर पर नींव को सुदृढ़ करना चाहिए और सामाजिक शासन के स्तर में प्रभावी ढंग से सुधार करना चाहिए।
अपने भाषण में शी चिनफिंग ने राष्ट्रीय और स्थानीय "15वीं पंचवर्षीय योजना" की रूपरेखा और विशेष योजनाएँ अच्छी तरह से बनाने के लिए वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और कानून आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया का पालन करने पर जोर दिया और कहा कि "15वीं पंचवर्षीय योजना" की अवधि के लक्ष्यों और कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए, हमें आर्थिक और सामाजिक विकास में पार्टी की क्षमता और नेतृत्व के स्तर में सुधार पर ध्यान केंद्रित करना होगा। इसके साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचार के विरोध पर जोर दिया और कहा कि इस प्रक्रिया में बिना रुके और पीछे हटे, भ्रष्टाचार को असंभव, अवांछनीय और अकल्पनीय बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना होगा।