चीन आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा और विरोध करता है: चीनी विदेश मंत्रालय
अफगानिस्तान के काबुल में हाल ही में हुए विस्फोट के जवाब में, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता कुओ च्याखुन ने 20 जनवरी को पेइचिंग में आयोजित एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करता है और उनका दृढ़ता से विरोध करता है, और आतंकवादी हिंसा के सभी रूपों से निपटने के लिए अफगानिस्तान और क्षेत्रीय देशों के संयुक्त प्रयासों का समर्थन करता है।
19 जनवरी को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक चीनी रेस्तरां के बाहर विस्फोट हुआ, जिसमें एक चीनी नागरिक की मौत और पांच घायलों सहित कई लोग हताहत हुए। कुओ च्याखुन ने मृतक नागरिक के प्रति चीन की गहरी संवेदना और घायलों के प्रति हार्दिक सहानुभूति व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि चीन ने अफगानिस्तान के समक्ष तत्काल विरोध दर्ज कराते हुए मांग की है कि अफगानिस्तान घायलों के इलाज के लिए हर संभव प्रयास करे, अफगानिस्तान में चीनी नागरिकों, परियोजनाओं और संस्थानों की सुरक्षा के लिए और अधिक प्रभावी उपाय करे, और सच्चाई की जांच करके दोषियों को जल्द से जल्द दंडित करे।
प्रवक्ता के अनुसार, अफगानिस्तान स्थित चीनी दूतावास ने घायलों के इलाज के लिए अस्पताल का दौरा किया और शोक संवेदना व्यक्त की। अफगानिस्तान में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, विदेश मंत्रालय ने चीनी नागरिकों को एक बार फिर निकट भविष्य में अफगानिस्तान की यात्रा न करने की सलाह दी है। अफगानिस्तान में मौजूद चीनी नागरिकों और व्यवसायों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने, सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से यथाशीघ्र निकलने की सलाह दी जाती है।