चीन ने अमेरिका से ईरान के प्रति सैन्य बल प्रयोग की मानसिकता त्यागने की अपील की
चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ईरान परिस्थितियों की आपातकालीन खुली बैठक में अमेरिका से ईरान के प्रति सैन्य बल के प्रयोग की मानसिकता त्यागने की अपील की।
संयुक्त राष्ट्र में चीनी स्थायी मिशन के कार्यवाहक प्रतिनिधि सुन लेई ने गुरुवार को आयोजित खुली बैठक में कहा कि हाल में ईरान की घरेलू स्थिति ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया है। अमेरिका ईरान परिस्थितियों पर लगातार बयान दे रहा है और खुले तौर पर ईरान को सैन्य बल के प्रयोग की धमकी दे रहा है, जिससे मध्य पूर्व क्षेत्र में युद्ध का माहौल बन रहा है और तनावपूर्ण वातावरण लगातार बढ़ रहा है।
सुन लेई ने जोर देकर कहा कि चीन हमेशा संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन करने, अंतरराष्ट्रीय संबंधों में बल के प्रयोग या बल प्रयोग की धमकी के विरोध और दूसरे देशों पर अपनी इच्छा थोपने के विरोध का पक्षधर रहा है। संप्रभुता की समानता और आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करना अंतर्राष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांत और आधुनिक अंतर्राष्ट्रीय संबंधों के सबसे मौलिक मानदंड हैं। ईरान एक स्वतंत्र संप्रभु देश है, ईरान के मामलों का फैसला ईरान की जनता द्वारा स्वतंत्र रूप से किया जाना चाहिए।