समुद्र से लेकर अंतरिक्ष तक—चीन के समुद्री उपग्रहों की बड़ी भूमिका


तीन उपग्रहों की चित्र (शिन्हुआ समाचार एजेंसी)

हाल ही में, चीन के 42वें अंटार्कटिक अभियान के तहत कार्यरत "श्येलोंग" और "श्येलोंग-2" अनुसंधान पोतों ने झोंगशान स्टेशन पर सामग्री की उतराई और कर्मियों के सुरक्षित अवतरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। संयुक्त रूप से संचालित उतराई कार्य के दौरान, "श्येलोंग-2" पोत ने आगे बढ़ते हुए "श्येलोंग" के लिए बर्फ तोड़कर मार्ग प्रशस्त किया।

जटिल बर्फ़ीली परिस्थितियों में "श्येलोंग" श्रृंखला जहाज़ों द्वारा समुद्र की खोज और बर्फ़ की पहचान में समुद्री निगरानी एवं पर्यवेक्षण उपग्रहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। वर्तमान में चीन ने समुद्री जल-रंग, समुद्री गतिशीलता और समुद्री निगरानी-पर्यवेक्षण—इन तीन प्रमुख श्रेणियों के उपग्रहों से युक्त एक समन्वित अवलोकन प्रणाली स्थापित कर ली है। कक्षा में संचालित 11 उपग्रहों ने चौबीसों घंटे, सभी मौसमों में और पूर्ण कवरेज वाला एक "समुद्री संवेदन नेटवर्क" तैयार किया है, जो आकाश से समुद्र की निगरानी को प्रभावी ढंग से समर्थन देने में अहम भूमिका निभा रहा है।

समुद्री निगरानी उपग्रह: यथार्थ में "समुद्र का दूर-दर्शन नेत्र"

वर्तमान में समुद्री निगरानी एवं पर्यवेक्षण उपग्रहों की 3 इकाइयाँ कक्षा में कार्यरत हैं। चौबीसों घंटे, सभी मौसमों में तथा उच्च-रिज़ॉल्यूशन माइक्रोवेव अवलोकन क्षमता के बल पर ये उपग्रह न केवल घनी बर्फ़ीली बाधाओं के बीच सुरक्षित नौसवारी मार्ग का संकेत दे सकते हैं, बल्कि चीन के समुद्री क्षेत्रों में अवैध रूप से प्रवेश कर गैरकानूनी गतिविधियों में संलग्न विदेशी जहाज़ों पर भी निरंतर निगरानी रख सकते हैं। इस प्रकार, ये वास्तव में “समुद्र के हज़ार मील तक देखने वाले नेत्र” के रूप में अत्यंत उपयोगी हैं।

2030 तक, समुद्री निगरानी एवं पर्यवेक्षण उपग्रह उच्च और निम्न कक्षा के उपग्रहों के नेटवर्क अवलोकन को साकार करेंगे, जिससे समुद्री लक्ष्यों की वास्तविक समय में ट्रैकिंग क्षमता में सुधार होगा। इसके परिणामस्वरूप, समुद्री नौवहन और गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समुद्री अधिकारों की रक्षा के लिए और भी मजबूत तकनीकी समर्थन उपलब्ध होगा।

समुद्री गतिशीलता उपग्रह: हर समय तैनात "सक्षम निगरानी विशेषज्ञ"

  वर्तमान में समुद्री गतिशीलता उपग्रह श्रृंखला में 5 उपग्रह कक्षा में हैं। यह श्रृंखला समुद्र की गतिशील क्षमता पर केंद्रित है और एक साथ समुद्र की सतह की ऊँचाई, समुद्र की सतही वायु प्रवाह, समुद्र की सतह का तापमान और लहरों की ऊँचाई जैसी समुद्री गतिशीलता पर्यावरणीय मापदंडों को माप सकती है। इन विशेषताओं के कारण, इन्हें चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाला “फिटनेस मॉनिटर” भी कहा जा सकता है।

इस वर्ष सितंबर में, चीन का पहला समुद्री लवणता अनुसंधान उपग्रह कक्षा में परीक्षण पूरा कर सक्रिय हो गया, जिससे उपग्रह के माध्यम से समुद्री लवणता मापन की कमी को पूरा किया गया।