71,487.5 करोड़ किलोग्राम का उत्पादन! 2025 भी अन्न की भरपूर पैदावार


30 अक्तूबर को, गुआंगशी प्रांत के जिंगशी शहर के दायुआन गाँव में किसान देर की धान की फसल काट रहे थे। (शिन्हुआ समाचार ऐजेंसी) 

12 दिसंबर को चीनी राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने वार्षिक खाद्यान्न उत्पादन संबंधी प्रतिवेदन जारी किया। रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में राष्ट्रीय अनाज उत्पादन 71,487.5 करोड़ किलोग्राम पर पहुँच गया, जो पिछले वर्ष से 837.5 करोड़ किलोग्राम अधिक है और 1.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि को दर्शाता है।

चीनी राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के ग्रामीण विभाग के निदेशक वेइ फेंगहुआ ने बताया कि 2025 ग्रीष्म-कालीन अनाज का उत्पादन 14,974.5 करोड़ किलोग्राम रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14.5 करोड़ किलोग्राम कम है। वहीं, शीघ्र-परिपक्व धान (अर्ली राइस) का उत्पादन 2,851.5 करोड़ किलोग्राम रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 34 करोड़ किलोग्राम अधिक है।


11 अक्तूबर को, शानदोंग प्रांत के हेझे शहर के श्वांगचियाओ गाँव में किसान कटे हुए मक्का को गाड़ी में भर रहे थे। (शिन्हुआ समाचार ऐजेंसी)

उन्होंने कहा कि यद्यपि ह्वांग–हुआई–हाई नदी क्षेत्र में शरदकालीन अनाज की कटाई अवधि के दौरान लगातार बादलों और वर्षा के कारण कुछ फसलों में फफूंद-जनित क्षति देखी गई, तथापि बोआई क्षेत्रफल स्थिर रहते हुए थोड़ा बढ़ा है। उच्च उत्पादन वाली फसल मक्का का क्षेत्रफल भी उल्लेखनीय रूप से विस्तृत हुआ है, और अधिकांश कृषि-क्षेत्रों में उत्पादन परिस्थितियाँ सामान्यतः स्थिर बनी रहीं। इन सभी कारणों ने मिलकर शरदकालीन अनाज उत्पादन में वृद्धि को प्रोत्साहन दिया। फफूंद-क्षति से हुई उपज हानि को घटाने के बाद, शरदकालीन अनाज का कुल उत्पादन 53,661.5 करोड़ किलोग्राम रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 818 करोड़ किलोग्राम अधिक है और 1.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।