थाईवान के सम्बंध में जापानी नेता की गलत टिप्पणियों पर चीनी विदेश मंत्रालय का जवाब

(CRI)08:33:51 2025-11-11

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने 10 नवंबर को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में सम्बंधित सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जापानी नेताओं ने हाल ही में संसद में थाईवान के बारे में गलत टिप्पणी की थी, जिसमें थाईवान जलडमरूमध्य में सैन्य हस्तक्षेप की संभावना का संकेत दिया गया था। यह चीन के आंतरिक मामलों में एक स्पष्ट हस्तक्षेप है, एक-चीन सिद्धांत, चीन और जापान के बीच चार राजनीतिक दस्तावेजों की भावना और अंतर्राष्ट्रीय सम्बंधों के बुनियादी मानदंडों का गंभीर उल्लंघन है। यह जापानी सरकार द्वारा अब तक की गई राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के बिल्कुल विपरीत है और इसकी प्रकृति और प्रभाव अत्यंत गंभीर हैं। चीन इस पर अपना कड़ा असंतोष और दृढ़ विरोध व्यक्त करता है। चीन ने जापान के सामने गंभीरता से इस का मामला उठाया और जापान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

चीनी प्रवक्ता ने कहा कि थाईवान चीन का हिस्सा है। थाईवान समस्या का समाधान कैसे किया जाए और राष्ट्रीय एकीकरण कैसे किया जाए, यह पूरी तरह से चीन का आंतरिक मामला है और इसमें किसी भी बाहरी ताकत का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जापानी अधिकारियों द्वारा थाईवान जलडमरूमध्य के मामलों में हस्तक्षेप करने का प्रयास न केवल अंतर्राष्ट्रीय न्याय को कुचलना है तथा युद्धोत्तर अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था के विरुद्ध उकसावा है, बल्कि इससे चीन-जापान सम्बंधों को भी गंभीर क्षति पहुंची है।