मनमोहक ऋतु: लिदोंग—शीत ऋतु की शुरुआत
नमस्ते दोस्तों! मैं यात्रा-प्रेमी सीसी हूँ। आज “लीदोंग” है, जिसे शीत ऋतु की शुरुआत भी कहा जाता है। यह पारंपरिक चीनी पंचांग में शीत ऋतु का पहला सौर पर्व है। जैसे लिछुन (वसंत की शुरुआत), लिश्या (गर्मी की शुरुआत) और लिछिउ (पतझड़ की शुरुआत) हैं, वैसे ही लिदोंग को “चार आरंभ” में गिना जाता है, जो मौसमों के परिवर्तन का प्रतीक है। “लिदोंग” के आगमन के साथ ही, माना जाता है कि सर्दी आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है।
इस समय मैं “बर्फीले नगर” हार्बिन में सोंहुआ नदी के किनारे खड़ी हूँ। यहाँ की सेंट्रल स्ट्रीट की रूसी शैली की इमारतें अपने सौंदर्य और शालीनता से मन मोह लेती हैं, हवा में लाल सॉसेज की सुगंध घुली हुई है, और वहीं ठंडे पानी में कुछ तैराक सोंहुआ नदी को पार कर रहे हैं।“आइस एंड स्नो वर्ल्ड” में लोग बर्फ को मनोरंजन और खेल में बदलने की बुद्धिमत्ता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। आइए, मेरे साथ मिलकर इस नवप्रारंभित शीत ऋतु की इस अनोखी छटा का अनुभव करें!
किसानों के लिए “लिदोंग” (शीत ऋतु की शुरुआत) का समय फसल समेटने और सर्दी की तैयारी, जैसे आवश्यक सामग्री सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इस समय पतझड़ की नई फसल भंडार में पहुँच चुकी होती है और खेतों में थोड़ी राहत रहती है। किसान खेतों में “ठंडा पानी सिंचाई” करते हैं—यानी जब दैनिक औसत तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर रहता है, तब खेतों में पानी देते हैं, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे। उत्तरी चीन के ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी कुछ अन्न को कांग (भट्टी या अंगीठी) के पास रखने की परंपरा आज भी बनी हुई है, जिससे अनाज नमी से बचा रहता है। वहीं पत्तागोभी और मूली जैसी सब्जियों को भूमिगत कोठारों (तहख़ानों) में मिट्टी की परतों के साथ सजाकर रखी जाती हैं , ताकि वे अगली वसंत ऋतु तक खाने योग्य बनी रहें। यह सब किसानों की पीढ़ियों से संचित बुद्धिमत्ता है, जो सर्दी को स्थिरता से पार करने और सुरक्षित रहने के साथ, अगले वर्ष की खेती की तैयारी में मदद करते हैं।
विदेशों में भी शीत ऋतु का स्वागत अलग-अलग तरीकों से किया जाता है: फ़िनलैंड में लोग उत्तरी प्रकाश (ऑरोरा) का आनंद लेते हैं , कनाडा में स्कीइंग का मजा लेते हैं, और नॉर्वे में शीतकालीन उत्सव मनाए जाते हैं। चीन में उत्तर के लोग इस दिन डंपलिंग्स खाते हैं और भेड़ का सूप पीते हैं, जिससे शरीर में गर्मी बनी रहती है, जबकि दक्षिण के लोग मुर्ग़ी, बतख़, मछली और मांस से बने व्यंजनों का सेवन करते हैं, जिससे शरीर को सर्दी से बचाया जा सके और पोषण मिल सके।
जैसा कि प्राचीन चीनी कवि ने कहा है—“जमी हुई कलम नई कविता लिखने में आलस करती है, पर ठंडी भट्ठी पर गर्म मदिरा का आनंद समय पर है।” “लिदोंग” सिर्फ मौसम का परिवर्तन नहीं, बल्कि प्रकृति की विश्राम यात्रा की प्रस्तावना भी है। इसलिए याद रखिए — जल्दी सोएँ, देर से उठें, शरीर का ख्याल रखें, और खुद व अपने परिवार को स्वस्थ सर्दियों की शुरुआत का उपहार दें।
