इस साल चीन के पेइतो उद्योग ने मज़बूत वृद्धि दर्ज की

(CRI)10:39:50 2025-11-07

6 नवंबर को, चीन सैटेलाइट नेविगेशन और पोजिशनिंग संघ ने दूसरे चीन सर्वेक्षण और मानचित्रण भौगोलिक सूचना सम्मेलन में "2025 चीन पेइतो उद्योग विकास सूचकांक रिपोर्ट" जारी की। पेइतो उद्योग चीन की स्वतंत्र रूप से विकसित पेइतो वैश्विक उपग्रह नेविगेशन प्रणाली के आधार पर गठित उद्योग को संदर्भित करता है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में चीन के पेइतो उद्योग ने मज़बूत वृद्धि दर्ज की है। इससे संबंधित व्यापक सूचकांक में लगातार वृद्धि हो रही है और विभिन्न क्षेत्रों में अनुप्रयोगों की प्रवेश दर का विस्तार जारी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में, चीन का पेइतो उद्योग व्यापक सूचकांक 1579 अंक पहुंचा, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 10.34 प्रतिशत ज्यादा है। वर्ष 2020 की तुलना में, पेइतो के बाज़ारीकरण, औद्योगीकरण और अंतर्राष्ट्रीयकरण से संबंधित सूचकांकों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिनकी वृद्धि दर सब 60 फीसदी से अधिक हैं।

न केवल डिजिटल निर्माण में, बल्कि चीन में विभिन्न उद्योगों के डिजिटल परिवर्तन और उन्नयन में भी, पेइतो वैश्विक उपग्रह नेविगेशन प्रणाली के अनुप्रयोगों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2024 में, चीन के उपग्रह नेविगेशन और स्थान सेवा उद्योग का कुल उत्पादन मूल्य, जिसका मूल पेइतो है, 575.8 अरब युआन तक पहुंचा है। जो वर्ष 2023 की इसी अवधि की तुलना में 7.39 प्रतिशत अधिक है।