चीन ने जारी किए “अमेरिकी जहाज़ों से विशेष बंदरगाह शुल्क संग्रह के कार्यान्वयन उपाय”

चित्र VCG से है
चीन के परिवहन मंत्रालय ने 14 अक्तूबर को "अमेरिकी जहाज़ों से विशेष बंदरगाह शुल्क संग्रह के लिए कार्यान्वयन उपाय" जारी किए हैं। इन उपायों में कुल दस अनुच्छेद शामिल हैं, जिनमें निर्माण का आधार, संग्रह का दायरा, शुल्क मानक, संग्रह संस्थाएं, भुगतान प्रक्रिया, भुगतान आवश्यकताएं, सूचना सत्यापन, उल्लंघन के निपटान, गतिशील समायोजन, व्याख्या विभाग और कार्यान्वयन समय जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं।
इन उपायों में यह स्पष्ट किया गया है कि चीन में निर्मित जहाज़ों, केवल मरम्मत के उद्देश्य से चीनी शिपयार्ड में प्रवेश करने वाले खाली जहाज़ों, तथा छूट प्राप्त अन्य श्रेणी के जहाज़ों को इस शुल्क से मुक्त रखा जाएगा। साथ ही, जहाज़ मालिकों या उनके एजेंटों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे जहाज़ के चीनी बंदरगाह पर पहुँचने से पहले संबंधित समुद्री प्रशासनिक संस्थाओं को आवश्यक सूचना प्रदान करें। उपायों में यह भी निर्धारित किया गया है कि शुल्क संग्रह का दायरा, मानक, प्रारंभ और समाप्ति समय, व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुसार गतिशील रूप से समायोजित किए जाएंगे।
"चीन में अंतर्राष्ट्रीय समुद्री परिवहन पर विनियमों" के प्रावधानों और राज्य परिषद की स्वीकृति के अनुसार, चीनी परिवहन मंत्रालय ने "अमेरिकी जहाज़ों से विशेष बंदरगाह शुल्क वसूली पर परिवहन मंत्रालय की घोषणा" भी जारी की है, जिसके तहत 14 अक्तूबर 2025 से अमेरिका-संबंधित जहाज़ों से विशेष बंदरगाह शुल्क वसूला जाएगा।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह कदम चीनी उद्योगों और उद्यमों के वैध अधिकारों एवं हितों की रक्षा करने और अंतर्राष्ट्रीय नौवहन क्षेत्र में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। "अमेरिकी जहाज़ों से विशेष बंदरगाह शुल्क संग्रह के लिए कार्यान्वयन उपाय" इस घोषणा को प्रभावी रूप से लागू करने की एक विशिष्ट व्यवस्था है।